जिलाधिकारी ने सीएचसी तरकुलवा का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया -उत्तर प्रदेश, अर्जुन यादव की रिपोर्ट-जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज प्रातः 8 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तरकुलवा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं कंसर्न अधिकारी उपस्थित पाए गए। जबकि कुछ अन्य कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मियों को सचेत किया जाए तथा समय से अस्पताल में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान जांच के लिए आई एक गर्भवती महिला का मातृ-शिशु कार्ड चेक किया गया तथा उनका शुगर एवं ब्लड टेस्ट कराया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित आशा कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि जांच में प्राप्त सभी आंकड़ों को मातृ-शिशु कार्ड पर अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए।

जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रासरूट स्तर पर थ्री-ए (आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम) को ग्राम स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण समिति सत्रों में सक्रिय रखा जाए तथा क्षेत्र भ्रमण के लिए कड़े निर्देश दिए जाए।

साथ ही सीएचओ, एचईओ एवं एआरओ को भी क्षेत्र भ्रमण एवं आयोजित सत्रों में नियमित रूप से भाग लेने के निर्देश दिए। ड्यू लिस्ट का सत्यापन किया जाए तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों का निर्धारित रोस्टर के अनुसार टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। मातृ-शिशु कार्ड का शत-प्रतिशत अद्यतन किया जाए।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी, प्रसव केन्द्र, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण केन्द्र सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया तथा उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया।

उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को सचेत किए जाने, समय से अस्पताल आने, मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें