पीएम स्वनिधि छ:वर्ष पूर्ण,मेला का आयोजन-पीएम स्वनिधि छोटे व्यापारियों के लिए है बरदान, विधायक जयमंगल कन्नौजिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराजगंज-उत्तर प्रदेश।नगर पालिका परिषद महाराजगंज के सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को लोक कल्याण मेला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर अपने स्वरोजगार को सशक्त बनाने वाले पथ विक्रेताओं को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने सहभागिता की। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी, पटरी एवं ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करने वाले छोटे व्यापारियों के लिए वरदान साबित हुई है। योजना के माध्यम से बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसान ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे हजारों पथ विक्रेताओं को अपना व्यवसाय बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।

इस अवसर पर बताया गया कि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को अधिक राशि का पुनः ऋण, ब्याज में सब्सिडी तथा डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन भी प्रदान किया जा रहा है। इससे छोटे व्यापारियों की आय में वृद्धि हुई है और उनका जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

कार्यक्रम में उपस्थित डूडा अधिकारी आनंद त्रिपाठी ने लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पथ विक्रेताओं, जिन्होने द्वितीय ऋण समय से पूर्ण कर क्रेडिट कार्ड प्राप्त किया हो, समय से तृतीय ऋण पूर्ण किया हो, सर्वाधिक डिजिटल लेन-देन, सर्वाधिक कैशबैक प्राप्त, स्वनिधि से समृद्धि योजनाओं अन्तर्गत लाभ प्राप्त पथ विक्रेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी आलोक मिश्रा, एलडीएम बी.एन. मिश्रा, सीएमएम डूडा आनंद त्रिपाठी, राकेश अग्रहरी संजीव शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पथ विक्रेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें