महराजगंज,उत्तर प्रदेश गजेन्द्र नाथ पांडेय। पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के मानिक तलाव गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य सरवन राजभर (32) की रविवार की रात विद्युत स्पर्शघात से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
जानकारी के अनुसार, मानिक तलाव निवासी सरवन राजभर क्षेत्र पंचायत सदस्य होने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। रविवार की रात गांव के समीप स्थित रिशालपुर में एक शादी समारोह आयोजित था, जहां टेंट और विद्युत सजावट का कार्य चल रहा था। बताया जाता है कि समारोह स्थल पर विद्युत तार जोड़ने के दौरान सरवन राजभर भी व्यवस्था में सहयोग कर रहे थे। इसी बीच अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए।
करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और गंभीर रूप से झुलसे सरवन राजभर को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी, बच्चों तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सरवन राजभर मिलनसार एवं समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी थे तथा हर सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके असामयिक निधन से गांव और क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुरन्दरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।









