देवरिया: कालाबाजारी पर प्रहार -18 ड्रम हाईस्पीड डीजल बरामद-देखिए केस दर्ज-अर्जुन यादव की रिपोर्ट देवरिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया। जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल के निर्देशन में चलाए जा रहे औचक निरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। उपजिलाधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम जोगिया खुर्द में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित हाई स्पीड डीजल बरामद किया।

दोपहर करीब 1 बजे की गई कार्रवाई में वीरबहादुर यादव के पक्के मकान से 15 प्लास्टिक ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में लगभग 3000 लीटर हाई स्पीड डीजल बरामद हुआ। निरीक्षण के दौरान कोई वैध अभिलेख या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

इसके बाद अपराह्न करीब 3 बजे टीम ने गांव में ही रामानंद यादव के यहां छापेमारी की, जहां से 3 ड्रम में लगभग 550 लीटर डीजल बरामद किया गया। यहां भी भंडारण के संबंध में कोई वैध अनुमति नहीं पाई गई।

जांच में पाया गया कि दोनों मामलों में हाई स्पीड डीजल का अवैध भंडारण किया जा रहा था, जो हाई स्पीड डीजल (आवंटन एवं नियंत्रण) आदेश, 1981 का उल्लंघन है तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

मौके से बरामद डीजल को कब्जे में लेकर थाना कोतवाली रुद्रपुर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने कहा कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने तथा नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें