महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के अंतर्गत जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
दोनों अधिकारियों ने प्रथम एवं द्वितीय पाली के दौरान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज महराजगंज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए कहीं भी किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया गया तथा निगरानी व्यवस्था को सतत सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी महोदय ने केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए किए गए इंतजामों की भी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह सकुशल, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
उपस्थिति के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जीजीआईसी महराजगंज में प्रथम पाली में 323 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 157 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार डॉ बी.आर. अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय में 334 परीक्षार्थी उपस्थित और 146 अनुपस्थित रहे।
द्वितीय पाली के दौरान शिवजपत सिंह जनता इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में 349 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 131 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डीएवी नारंग इंटर कॉलेज घुघुली में कुल 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 62 अनुपस्थित तथा 178 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में प्रथम पाली में 4560 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1371 परीक्षार्थी अनुपस्थित तथा 318ओ परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में 1386 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 3174 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।









