अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व की समीक्षा बैठक में औषधि निरीक्षक अनुपस्थित-देखिए स्पष्टीकरण जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा कर, करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समीक्षा बैठक में औषधि निरीक्षक के अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह निर्देशित किया गया कि अगली बैठक में वे अब तक की गई कार्यवाहियों की कार्यवृत्ति के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।

अपर जिलाधिकारी द्वारा आबकारी, बाट-माप, मंडी समिति, जिला पूर्ति, गन्ना भुगतान, स्टाम्प, व्यापार कर, खनन तथा नगर पालिका/नगर पंचायतों द्वारा की जा रही वसूली की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली बैठक में 25-25 बकायेदारों की सूची के साथ उपस्थित हों। साथ ही जिन बकायेदारों के विरुद्ध आरसी जारी हो चुकी है और जिनका विवरण पोर्टल पर अपलोड नहीं है, उसे शीघ्र पोर्टल पर अपलोड कराया जाए, ताकि वसूली की प्रक्रिया में सुविधा हो सके।

अपर जिलाधिकारी ने सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प को निर्देश दिया कि सभी उपनिबंधकों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि स्टाम्प चोरी तथा फर्जी रजिस्ट्री की घटनाएं न हों। यदि किसी क्रेता या विक्रेता के संबंध में संदेह हो तो आवश्यक जांच-पड़ताल के उपरांत ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व से संबंधित सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

बैठक में सहायक महानिरीक्षक स्टाम्प आलोक शुक्ला, जिला आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी, डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, एआरटीओ मनोज सिंह, प्रभारी मंडी सचिव दीपक कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें