रोहिन नदी में नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत-पुलिस-एनडीआरएफ ने बरामद किया शव
महराजगंज उत्तर प्रदेश-पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के वनग्राम काधपुर दर्रा के पास रोहिन नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार शाम से लापता युवक का शव शुक्रवार को पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बरामद कर लिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार परसामलिक थाना क्षेत्र के सिसवनिया उर्फ शीशमहल निवासी तरुण अग्रहरी उम्र 17 वर्ष (पुत्र हरिश्चंद्र अग्रहरी) बृहस्पतिवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ टेढ़ी काधपुर दर्रा स्थित रोहिन नदी के किनारे घूमने गया था। इसी दौरान सभी दोस्त नदी में नहाने उतर गए।
बताया जाता है कि नहाते समय तरुण अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया, जिससे वह डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।
इस संबंध में पुरन्दरपुर थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









