सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर सख्त हुए सीडीओ, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया, उत्तर प्रदेश -अर्जुन यादव की रिपोर्ट ‌।मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जून 2026 की रैंकिंग में जनपद देवरिया के प्रदेश में 42वें स्थान पर पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति का प्रतिबिंब है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके अधिकारी तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में खराब प्रदर्शन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आईसीडीएस पोषण अभियान में कमजोर प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में खराब प्रदर्शन पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, सेतुओं के निर्माण की प्रगति संतोषजनक न होने पर उप परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम, नई सड़कों के निर्माण में खराब प्रदर्शन पर अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, राज्य योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर पर्यटन सूचना अधिकारी तथा पांचवें राज्य वित्त आयोग से संबंधित कार्यों में खराब प्रदर्शन पर जिला पंचायत राज अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों में संचालित सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं का निरंतर सत्यापन करते रहें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध आंकड़ों की फीडिंग सुनिश्चित करना भी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों का निस्तारण करें और अगले माह की रैंकिंग में जनपद की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें