डीएम ने विद्यालयों का प्रभावी अनुश्रवण, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित कराने और कार्यप्रणाली में सुधार लाए जाने के लिए बीईओ को दिए कड़े निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अर्जुन यादव की रिपोर्ट देवरिया, उत्तर प्रदेश।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा है कि खंड शिक्षा अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें, क्षेत्र में नियमित रूप से निकलें तथा विद्यालयों का प्रभावी अनुश्रवण कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने ब्लॉक मुख्यालय पर ही रहें तथा विद्यालयों में शतप्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें, अन्यथा उनका वेतन रोकने की कार्रवाई भी की जाएगी।

जिलाधिकारी आज कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति का प्रभावी अनुश्रवण करें।

कक्षा-5 के सभी बच्चों का नवोदय विद्यालय एवं अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु आवेदन कराये तथा प्रवेश हेतु नवोदय मॉडल पेपर का अभ्यास भी उन्हें कराएं। आश्रम पद्धति विद्यालयों में सभी कक्षाओं में निर्धारित छात्र संख्या के अनुरूप प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में बच्चों की आवक-जावक पंजिका तैयार कर उसमें नियमित एवं अद्यतन प्रविष्टियां किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की डिजिटली उपस्थिति भी सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यप्रणाली में हर हाल में सुधार लाएं तथा पूरी निष्ठा एवं मनोयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर माहौल बनाएं। साथ ही विद्यालयों का प्रभावी अनुश्रवण भी सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राम जियावन मौर्य व समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समन्वयक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें