महराजगंज -उत्तर प्रदेश । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान (05 जून से 21 जून 2026) के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर, महराजगंज में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला रहे।
मुख्य अतिथि ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, युवा, महिला एवं गरीब कल्याण से संबंधित योजनाओं, उत्तर प्रदेश की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, सुदृढ़ आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की संकल्पना और जनपद की विकास गाथा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अवलोकन किया।
अपने संबोधन में महेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। देश की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तिकरण हेतु सरकार सतत प्रयासरत है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘संकल्प से सिद्धि’ की यात्रा को नई गति मिली है तथा लंबे समय से लंबित जनआकांक्षाओं को पूरा करने का कार्य हुआ है। स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन से जनस्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्वांचल एवं गोरखपुर मंडल में इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है।
कार्यक्रम में प्रबुद्धजन वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. शांति शरण मिश्रा ने शिक्षा क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों, निपुण भारत मिशन एवं समग्र शिक्षा अभियान के सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला। डॉ. सूरज सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। वहीं प्रभाकर द्विवेदी, श्री अरुण शुक्ला तथा जिला प्रभारी श्री राम जियावन मौर्य ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। उद्योग विभाग के अंतर्गत ओडीओपी योजना में दो लाभार्थियों को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के तहत तीन लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दो लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई तथा बैंक सखी के रूप में कार्यरत पांच स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, प्रबुद्धजन एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









