महराजगंज उत्तर प्रदेश गजेन्द्र नाथ पांडेय। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत लक्ष्मीपुर बाजार में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सदा मोहन उपाध्याय ने तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष राजन शुक्ला ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि ग्रेट निकोबार में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित परियोजना के तहत बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से भूमि अधिग्रहण और बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पर्यावरण और स्थानीय लोगों के हितों को नुकसान पहुंचेगा। इसी के विरोध में लक्ष्मीपुर बाजार के व्यापारियों, किसानों, मजदूरों तथा आम नागरिकों से हस्ताक्षर कराकर जनमत तैयार किया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश महासचिव त्रिभुवन नारायण मिश्रा और पूर्व जिला अध्यक्ष झिनकू चौधरी ने कहा कि देश इस समय महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा की चुनौतियों और रुपए के अवमूल्यन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में राहुल गांधी के प्रति जनता का बढ़ता समर्थन यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी के विरुद्ध प्रभावी ढंग से संघर्ष करने वाली प्रमुख शक्ति कांग्रेस पार्टी है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर कराए और उन्हें ग्रेट निकोबार परियोजना से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में जनसंपर्क कर अभियान को सफल बनाया।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश त्रिपाठी, जिला सचिव कमलेश साहनी, छोटन गुप्ता, राम प्रताप सिंह, लाल यादव, मनोज कुमार गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष हरिराम मौर्य, त्रिवेणी प्रसाद, राजेंद्र यादव, राम प्रसाद गुप्ता, अब्दुल वहाब, संतोष यादव, अरविंद यादव, विजय चौबे, हरिवंश यादव, मोलहु प्रजापति, गरुड़ेश्वर उपाध्यक्ष, गोपाल मद्धेशिया, निवास अली, श्याम मोहन भारती, महेंद्र कुमार भारती, जमील अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










