केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ग्राम पंचायत हेवती में रात्रि चौपाल में जनकल्याण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां-प्रभारी मंत्री महराजगंज 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गजेन्द्र नाथ पांडेय,महराजगंज, उत्तर प्रदेश- केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत दिनांक 04 जून 2026 की रात्रि ग्राम पंचायत हेवती में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी एवं आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विगत 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में वैश्विक स्तर पर अनेक चुनौतियां सामने आईं, जिनका देश ने प्रभावी ढंग से सामना किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, वित्तीय समावेशन, आधारभूत संरचना विकास तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है तथा जनधन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की समन्वित कार्यप्रणाली से विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

प्रभारी मंत्री ने सिसवा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए विधायक सिसवा की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। उन्होंने प्रदेश में स्थापित कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि इसके परिणामस्वरूप निवेश एवं रोजगार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से ऊर्जा संरक्षण का आह्वान करते हुए ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग पर बल दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सिसवा ने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र की जर्जर सड़कों के सुधार, कृषि हितों के संरक्षण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में मनरेगा पार्क, अमृत सरोवर, व्यक्तिगत शौचालय तथा प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का व्यापक लाभ ग्रामीणों को प्राप्त हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास एवं समर्थन को सार्थक बनाना उनकी प्राथमिकता है।

इससे पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी निचलौल, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें