विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ, जनपद में लगाए जाएंगे लगभग 6 लाख पौधे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गजेन्द्र नाथ पांडेय-महराजगंज –उत्तर प्रदेश ।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नवीन उपमंडी स्थल धनेवा-धनेई में आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ भारत सरकार के वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी तथा जनपद के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र “दयालु” द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित दो पृथक कार्यक्रमों में दोनों मंत्रियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

अपने संबोधन में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृशक्ति के सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें पर्यावरण संकट अत्यंत गंभीर है। ऐसे में यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी जनआंदोलन बन सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में अक्षय ऊर्जा, विशेषकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है और आज भारत सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का संकल्प भी लें। उन्होंने बताया कि 21 जून तक वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान निरंतर संचालित किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र “दयालु” ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में लगभग 6 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी एवं पर्यावरण-संवेदनशील सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला बनेगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पौधे वितरित किए जा रहे हैं, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को पूजनीय माना गया है और प्रकृति के प्रति सम्मान हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रही है, भारत का यह अभियान वैश्विक स्तर पर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम को विधायक पनियरा तथा विधायक सदर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम स्वनिधि योजना एवं व्यक्तिगत शौचालय योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को एक-एक पौधा वितरित किया गया। जनपद में सभी ब्लॉकों पर लगभग 06 लाख पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक पनियरा, विधायक सदर, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

Leave a Comment

और पढ़ें