मानसून से पहले बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा, डीएम ने अराजी सुबाइन तटबंध का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, उत्तर प्रदेश -गजेन्द्र नाथ पांडेय। आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को तहसील नौतनवा क्षेत्र स्थित अराजी सुबाइन तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ निरोधक कार्यों और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अराजी सुबाइन के दाएं एवं बाएं तटबंधों का अवलोकन करते हुए वहां चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड द्वितीय ने बताया कि नदी के ठोकर स्थलों पर वायर क्रेट में बोल्डर भरकर स्लोप संरक्षण का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा तटबंधों पर स्थापित रेगुलेटरों की मरम्मत तथा क्षतिग्रस्त स्लोपों को मजबूत बनाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी बाढ़ निरोधक और तटबंध संरक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि तटबंधों पर मौजूद रैट होल, रेन कट, दरारों और कटान संभावित स्थलों का तत्काल सर्वेक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, जिससे वर्षाकाल में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि बोल्डर, बालू की बोरियां, वायर क्रेट सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती तथा आपातकालीन कार्ययोजना को अद्यतन बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और नियमित निरीक्षण के माध्यम से प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नवीन प्रसाद, राजीव कपिल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें