गजेन्द्र नाथ पांडेय,महराजगंज -उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र के दौरे के दौरान करीब 208 करोड़ रुपये की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चाभी, चेक, कृषि यंत्र, आयुष्मान कार्ड तथा टूलकिट भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में महराजगंज की तस्वीर बदली है और जनपद अब पिछड़े जिले की छवि से बाहर निकलकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बनेलिया देवी रोहिन बैराज, प्रस्तावित सीएम कंपोजिट विद्यालय तथा निर्माणाधीन गोरखपुर–सोनौली फोरलेन मार्ग जैसे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नौतनवा क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने इसके लिए स्थानीय सांसद और विधायकों के प्रयासों की भी सराहना की।
स्वर्ण व्यवसायी पर हमला कर बृहस्पतिवार शाम को लाखों की लूट,जंगल किनारे वारदात-महराजगंज रेफर
मुख्यमंत्री ने भारत-नेपाल संबंधों को साझा सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर आधारित बताते हुए कहा कि “रोटी-बेटी” का रिश्ता सदियों पुराना है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है ताकि दोनों देशों के लोगों को बेहतर सुविधाएं और सुगम आवागमन मिल सके।
https://share.google/N8mJ0iZIFwH3EQIds
उन्होंने कहा कि एक समय पूर्वांचल विशेषकर महराजगंज और गोरखपुर क्षेत्र जापानी इंसेफेलाइटिस और एईएस जैसी गंभीर बीमारियों से प्रभावित था, लेकिन सरकार के लगातार प्रयासों से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने बच्चों को जेई/एईएस जैसी जानलेवा बीमारियों से मुक्ति दिलाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर, नौतनवा और ठूठीबारी की सड़कें जर्जर थीं, लेकिन अब इन्हें फोरलेन मार्गों से जोड़ा जा रहा है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने वनटांगिया गांवों को पहचान और अधिकार दिलाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इन गांवों को राशन कार्ड, मतदाता सूची और विकास योजनाओं से जोड़ा गया है।
कार्यक्रम में विधायक नौतनवा सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।









