महराजगंज में एग्रीजंक्शन योजना के लिए आवेदन शुरू, कृषि स्नातकों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गजेन्द्र नाथ पांडेय-महराजगंज उत्तर प्रदेश। कृषि विभाग द्वारा जनपद के कृषि स्नातक एवं परास्नातक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना (एग्रीजंक्शन) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी उपनिदेशक कृषि संजीव पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत किसानों को “वन स्टॉप शॉप” की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जहां एक ही स्थान पर बीज, कीटनाशक, उर्वरक, जैव उर्वरक, माइक्रोन्यूट्रिएंट, वर्मी कम्पोस्ट, कृषि यंत्र तथा कृषि प्रसार सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए जनपद में कुल 12 एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 03 शहरी एवं 09 ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र खोले जाने प्रस्तावित हैं।

उपनिदेशक कृषि ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से 30 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के एग्रीजंक्शन लिंक पर जाकर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया जिला स्तरीय समिति द्वारा संपन्न कराई जाएगी।

योजना की पात्रता के संबंध में उन्होंने बताया कि महराजगंज जनपद के निवासी बेरोजगार कृषि स्नातक अथवा कृषि व्यवसाय प्रबंधन स्नातक आवेदन के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध उत्पादन, पशु चिकित्सा एवं मुर्गी पालन जैसे सहबद्ध विषयों में ICAR अथवा UGC से मान्यता प्राप्त डिग्री धारक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

आवेदक की अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला अभ्यर्थियों को आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी। चयन में अधिक आयु वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही आवेदक केवल उसी विकास खंड के लिए आवेदन कर सकेगा, जहां का वह मूल निवासी है।अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी उप कृषि निदेशक कार्यालय, महराजगंज से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें