होमगार्ड भर्ती परीक्षा: डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण, निष्पक्षता पर जोर – गजेन्द्र नाथ पांडेय 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

होमगार्ड भर्ती परीक्षा: डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण, निष्पक्षता पर जोर-गजेन्द्र नाथ पांडेय-महराजगंज, उत्तर प्रदेश। होमगार्ड्स एनरोलमेंट–2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रथम पाली के दौरान अधिकारियों ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज सहित अन्य केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाए।

इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए और शासन व भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, जीजीआईसी महराजगंज में प्रथम पाली में 372 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 118 अनुपस्थित रहे। डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में 374 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 116 अनुपस्थित रहे। शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली में 376 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 114 अनुपस्थित रहे। वहीं, जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज ब्लॉक ए में 370 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 110 अनुपस्थित दर्ज किए गए।

Leave a Comment

और पढ़ें