नेपाल दुर्घटना के घायलों से मिले डीएम व एसपी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लिया उपचार का जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नेपाल दुर्घटना के घायलों से मिले डीएम व एसपी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लिया उपचार का जायजा

महराजगज, उत्तर प्रदेश, गजेन्द्र नाथ पांडेय। नेपाल में हुई बस दुर्घटना में घायल हुए लोगों का हालचाल जानने के लिए आज जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर का संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सभी मरीजों का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से वार्ता कर घायलों को प्राथमिकता के आधार पर दवाएं, आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

प्रशासन की ओर से बेहतर समन्वय और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए एक नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह एवं एक फार्मासिस्ट धर्मेंद्र त्रिपाठी की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई है। ये दोनों अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहकर घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे तथा प्रशासन और अस्पताल के बीच समन्वय बनाए रखेंगे।

बताया गया कि भर्ती घायलों में से कुल 06 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। शेष घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और चिकित्सकीय टीम उनकी नियमित निगरानी कर रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें