महराजगंज-उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खजूरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, रसोई, छात्रावास आदि की समग्र व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में छात्राओं की शैक्षिक प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और दैनिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के संबंध में बीएसए से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मेन गेट पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया कि गेट के आस–पास के क्षेत्र को कवर किया जा सके। रसोई में रोटी मेकिंग मशीन क्रियाशील न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल मशीन संचालन का प्रशिक्षण दिलवाने का निर्देश दिया, ताकि मशीन का नियमित प्रयोग सुनिश्चित किया जा सके।
रसोईघर एवं भोजन गुणवत्ता की जांच करते हुए जिलाधिकारी ने पोषण मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। परिसर एवं छात्रावास में साफ–सफाई का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने बीएसए को सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु निर्देशित किय।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में मौजूद छात्राओं से संवाद भी किया। उन्होंने बच्चियों से विज्ञान, कंप्यूटर, सामान्य ज्ञान आदि से जुड़े प्रश्न पूछे। जिलाधिकारी ने मिशन शक्ति को लेकर भी बच्चियों को जागरूक किया और विभिन्न हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। उन्होंने बच्चियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे निडर होकर अपने लक्ष्य तय करें और पूरी लगन के साथ उन्हें हासिल करने का प्रयास करें। उन्होंने पढ़ाई-लिखाई, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि अगर किसी बच्ची को कोई समस्या होती है तो वो बीएसए या उनसे संपर्क कर सकती हैं।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से दुरुस्त की जाएँ ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय फरेंदा में कक्षा 06, 07 व 08 में कुल 89 बच्चियां उपस्थित थीं। जबकि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 64 बच्चियों उपस्थित थीं।निरीक्षण के दौरान बीएसए रिद्धी पांडेय अन्य लोग उपस्थित रहे।



