महराजगंज-उत्तर प्रदेश-जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ अस्थाई गौआश्रय स्थल मदनपुरा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोआश्रय स्थल में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष एवं भूसा कक्ष का निरीक्षण करते हुए संरक्षित गोवंश की संख्या की जानकारी प्राप्त की। खण्ड विकास अधिकारी मिठौरा द्वारा अवगत कराया गया कि गोआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं। साथ ही बताया गया कि भूसा 106 कुंतल, पशु आहार 25 बोरी, चोकर 42 बोरी तथा साईलेज 5 बोरी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 750 डिसमिल भूमि में हरा चारा बोया गया है, जिससे पशुओं के लिए नियमित चारे की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरे परिसर में छाया हेतु फलदार वृक्ष लगाए जाने तथा वर्षा ऋतु में परिसर को दलदली होने से बचाने के लिए घास रोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोआश्रय स्थल में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली, जो सभी क्रियाशील पाए गए।
जिलाधिकारी ने बीमार गोवंश की जानकारी प्राप्त की, जिस पर बताया गया कि एक गोवंश बीमार है, जिसका परीक्षण पशु चिकित्सक द्वारा किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बीमार पशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी मृत गोवंश के शव का गरिमापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कमजोर गोवंशों को पक्षियों के हमलों से बचाने हेतु गोवंश शेड के चारों ओर जाल लगवाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गोआश्रय स्थल में 24 घंटे केयर टेकर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सोलर पैनल एवं अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से क्रियाशील पाई गईं। केयर टेकर मौके पर उपस्थित मिले तथा गोवंश की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



