गजेंद्र नाथ पांडेय:महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा द्वारा आगामी रामनवमी और नवरात्रि त्योहार के दृष्टिगत थाना बृजमनगंज क्षेत्र स्थित लेहड़ा मंदिर में दर्शन करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने मंदिर में यातायात रूट के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था और अन्य इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि मंदिर में दर्शन हेतु पुरुष व महिलाओं के लिए पृथक प्रवेश व निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बीडीओ और ईओ बृजमनगंज को मंदिर परिसर और आस–पास पर्याप्त साफ–सफाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। कहा कि मंदिर के पास मोबाइल शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण को हटवाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न होने पाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुए कार्यवाही करें और कहीं भी कोई कमी न हो। उन्होंने स्वच्छता को लेकर विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर सीओ फरेंदा को आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने मंदिर में भीड़भाड़ वाले दिनों महिला सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम करने हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









