महराजगंज।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज परतावल मंडी का औचक निरीक्षण कर धान क्रय की स्थिति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने धान क्रय अभिलेखों, क्रय हेतु निर्धारित चेक लिस्ट के अनुरूप तैयारियों को देखा और केन्द्र पर खरीद की स्थिति का जायजा लिया। डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने बताया कि केन्द्र परतावल मण्डी तृतीय पर कुल कुल 43 किसानों से 167.24 मी0टन एवं केन्द्र परतावल मण्डी चतुर्थ पर कुल 45 किसानों से 131.76 मी०टन की धान खरीद की गयी है। उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग की विपणन शाखा का परतावल मण्डी प्रथम व द्वितीय, मण्डी समिति का 02 एवं भारतीय खाद्य निगम का 01 सहित कुल 07 धान क्रय केन्द्र स्थापित हैं।
निरीक्षण के समय धान क्रय केन्द्र परतावल मण्डी तृतीय पर कृषक गंगा उपाध्याय, रामपुर की लगभग 80 कुन्तल तथा परतावल मण्डी चतुर्थ पर कृषक राजेन्द्र मिश्रा, मधवापुर की लगभग 35 कुन्तल एवं उन्नय मिश्रा, मधवापुर की लगभग 35 कुन्तल धान की तौल की जा रही थी। कृषक द्वारा केन्द्र की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया तथा बताया गया कि उन्हें अपना धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराने व धान विक्रय करने में कोई असुविधा नहीं हुई है।
जिलाधिकारी द्वारा केन्द्र प्रभारियों से भी वार्ता की गयी। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि परतावल मण्डी प्रथम पर राजकुमार पटेल पुत्र रामसमुझ, लखिमाखस की लगभग 175 कुन्तल, परतावल मण्डी द्वितीय पर अलीरजा पुत्र मुर्तुजा, बुद्धिरामपुर की लगभग 60 कुन्तल, कृषि उत्पादन मण्डी समिति के परतावल प्रथम पर श्री बलराम सिंह, धरमौली की लगभग 25 कुन्तल एवं परतावल द्वितीय पर शैलेष मिश्रा, परतावल की लगभग 37 कुन्तल धान की तौल की जा रही है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित कृषकों से संवाद किया और उनसे खरीद प्रक्रिया के संदर्भ में उनके अनुभव पूछे। उपस्थित किसानों द्वारा क्रय केन्द्र की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया गया। कुछ किसानों द्वारा अंश निर्धारण की समस्या से जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी महोदय द्वारा कृषकों को बताया गया कि अंश निर्धारण की समस्या से शासन को अवगत कराया गया है। उन्होंने अंश निर्धारण की समस्या का शीघ्र ही निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया।
जिलाधिकारी ने धान खरीद प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए खरीद की गति को तेज करने का निर्देश दिया। कहा कि किसानों से खरीद समय पर और क्रय नीति के मानकों के अनुरूप हो। अगर किसानों को कहीं समस्या आती है तो संबंधित द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने किसानों से संपर्क कर उन्हें धान बिक्री हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप खरीद को समय पर पूरा करें।
निरीक्षण के समय डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, केन्द्र प्रभारी, अजीत कुमार पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।









