निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक कराएं पंजीकरण, मिलेंगे योजनाओं के लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक कराएं पंजीकरण, मिलेंगे योजनाओं के लाभ

सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार ने बताया कि मनरेगा में कार्य करने वाले श्रमिकों के साथ-साथ मकान निर्माण, राजमिस्त्री, हेल्पर, मिट्टी कार्य, बढ़ई, पेंटर, प्लंबर, सटरिंग कार्य, सड़क निर्माण तथा ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों सहित 40 प्रकार के निर्माण कार्यों में संलग्न श्रमिकों का पंजीकरण उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत किया जाना आवश्यक है। पंजीकरण के उपरांत श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित अनेक योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है

उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को स्मार्ट क्लास और हॉस्टल सुविधा सहित निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। निर्माण कामगार मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के अंतर्गत न्यूनतम ₹50,000 से ₹90,000 तक की सहायता दी जाती है। कन्या विवाह सहायता योजना में ₹55,000 की धनराशि प्रदान की जाती है। संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति तथा विद्यालय आने-जाने हेतु ₹4,500 की साइकिल सहायता राशि दी जाती है। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी की स्थिति में चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति तथा मृत्यु अथवा दिव्यांगता की दशा में ₹2,25,000 से ₹5,25,000 तक की सहायता राशि दी जाती है।

सहायक श्रम आयुक्त ने कहा कि जिन श्रमिकों का पंजीकरण हुए एक वर्ष से अधिक हो चुका है और इस अवधि में पुत्री का विवाह, शिशु का जन्म, दुर्घटना, सामान्य मृत्यु या गंभीर बीमारी जैसी घटनाएं घटित हुई हैं, वे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए तत्काल ऑनलाइन आवेदन करें। यह आवेदन श्रमिक कल्याण बोर्ड के पोर्टल या जन सेवा केंद्र के माध्यम से किया जा सकता है।

नया पंजीकरण कराने के लिए श्रमिक अपने निकटतम जन सेवा केंद्र/सहज केंद्र पर जाकर एक पासपोर्ट साइज फोटो, स्वप्रमाणित आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ निर्धारित शुल्क — एक वर्ष हेतु ₹40, दो वर्ष हेतु ₹60 तथा तीन वर्ष हेतु ₹80 — जमा करके ओटीपी सत्यापन सहित पंजीकरण कराएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों से भी अनुरोध किया है कि वे ग्राम पंचायतों में श्रमिकों के पंजीकरण एवं योजना आवेदन में सक्रिय सहयोग करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु श्रमिक कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर, देवरिया में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें