पकड़डिहा में 12 ड्रम तारकोल चोरी, ठेकेदार ने कोल्हुई थाने में दी तहरीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज उत्तर प्रदेश, गजेन्द्र नाथ पांडेय।जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पकड़डिहा में सड़क मरम्मत कार्य के लिए रखा गया 12 ड्रम तारकोल शुक्रवार की रात रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। ठेकेदार ने इसकी कीमत लगभग दो लाख रुपये बताते हुए कोल्हुई थाने में तहरीर देकर चोरी के खुलासे एवं तारकोल की बरामदगी की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी के पंजीकृत ठेकेदार सुनील कुमार राय निवासी परसा महंत, कोतवाली फरेंदा ने शनिवार को कोल्हुई थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि एकसड़वा-मोगलहा-पकड़डिहा मार्ग पर सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा है। कार्य के लिए आवश्यक 12 ड्रम तारकोल ग्राम पंचायत पकड़डिहा में समाजसेवी संजय पांडेय के घर के समीप सुरक्षित रखा गया था।

तहरीर के अनुसार शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने मौके से सभी ड्रम गायब कर दिए। शनिवार सुबह जानकारी होने पर खोजबीन की गई, लेकिन तारकोल का कोई पता नहीं चल सका। ठेकेदार ने आशंका जताई है कि खेत के रास्ते पकड़डिहा-चैनपुर मार्ग से किसी अज्ञात वाहन के माध्यम से तारकोल को ले जाया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में तारकोल की चोरी बिना वाहन के संभव नहीं है, इसलिए पुलिस को आसपास के मार्गों एवं संदिग्ध वाहनों की जांच करनी चाहिए।

ठेकेदार सुनील कुमार राय ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी का खुलासा करने तथा चोरी गए तारकोल की शीघ्र बरामदगी की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान इस प्रकार की घटना से कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

इस संबंध में कोल्हुई थाने के प्रभारी निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि ठेकेदार की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना का शीघ्र खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें