महराजगंज से नेपाल में स्वर्गद्वारी धाम जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, कई घायल-गजेन्द्र नाथ पांडेय, महराजगंज-उत्तर प्रदेश
महाराजगंज थाना भिटौली क्षेत्र के ग्राम सेमरा राजा से कुल 21 श्रद्धालु (ड्राइवर सहित) एक बस द्वारा नेपाल स्थित स्वर्गद्वारी धाम के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान नेपाल क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जिनमें निर्मला मौर्या (लगभग 30 वर्ष) तथा एक 4 वर्षीय मासूम बालिका शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तत्काल सक्रिय हो गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया गया और राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। प्रशासन द्वारा तत्काल भारतीय दूतावास के माध्यम से नेपाल प्रशासन से संपर्क स्थापित किया गया, जिससे मौके पर एम्बुलेंस, चिकित्सकों और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा सकी।
घायलों को तत्काल नेपाल के लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय नेपाली प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों, जिनमें एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी शामिल हैं, को भी मौके पर भेजा गया है ताकि स्थिति की निगरानी की जा सके और पीड़ितों को हरसंभव सहायता दी जा सके।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि जैसे ही दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई, तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए नेपाल प्रशासन और भारतीय वाणिज्य दूतावास से समन्वय स्थापित किया गया। घायलों के समुचित इलाज और सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया है कि सभी प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।







