गजेन्द्र नाथ पांडेय -महराजगंज, उत्तर प्रदेश। नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड संख्या–07, स्वतंत्रता सेनानी नगर में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय दिवस पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को फील्ड में ले जाकर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सर्वेक्षण कार्य को अधिक प्रभावी, सटीक और त्रुटिरहित बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर द्वारा टीम को क्षेत्र में ले जाकर घर-घर सर्वेक्षण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। इससे प्रगणकों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण में उन्हें डेटा संकलन की पूरी प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के सही उपयोग, निर्धारित प्रपत्रों को भरने की विधि तथा सूचनाओं को समयबद्ध और शुद्ध रूप से दर्ज करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
फील्ड में प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से भी अवगत कराया गया और उनके समाधान मौके पर ही बताए गए। प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का फील्ड ट्रेनर ने संतोषजनक उत्तर दिया, जिससे उनकी समझ और कार्य दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। प्रशिक्षण का यह चरण प्रतिभागियों के लिए काफी उपयोगी साबित हुआ, क्योंकि इससे उन्हें सर्वेक्षण के दौरान आने वाली वास्तविक समस्याओं से निपटने का आत्मविश्वास मिला।
फील्ड ट्रेनर ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे सर्वेक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार से सही और सटीक जानकारी एकत्र करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि तैयार किया जाने वाला डेटा विश्वसनीय और उपयोगी हो सके।
अपर जिला जनगणना अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सर्वेक्षण कार्य की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रगणकों की कार्य क्षमता बढ़ रही है, बल्कि एकत्रित किए जाने वाले आंकड़ों की विश्वसनीयता भी सुनिश्चित हो रही है।






