होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा 25–27 अप्रैल को, डीएम ने कड़ी व्यवस्था के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गजेन्द्र नाथ पांडेय-महराजगंज-उत्तर प्रदेश। जनपद में होमगार्ड पदों पर एनरोलमेंट परीक्षा–2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जा सके। उन्होंने सभी 11 परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों के सामान सुरक्षित रखने के लिए प्रवेश द्वार के पास क्लॉक रूम की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा, ताकि अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न हो। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा केंद्रों के आसपास अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षार्थियों से किसी प्रकार की अनावश्यक वसूली न होने पाए।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि नकलविहीन परीक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षार्थियों के सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर जोर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी। जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि 25, 26 और 27 अप्रैल को कुल 06 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 4320 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि कुल 25920 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दो घंटे पहले शुरू होगा और आधा घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें