विवाद छोटा पट्टीदार के आक्रोश का ग़ुस्सा बड़ा-मारपीट में उठा लिया पांच बच्चों के सिर से पिता की साया-देखिए मारपीट में हुई एक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज । कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जंगल गुलहरिया में शुक्रवार को मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार जंगल गुलहरिया निवासी राम अवतार चौहान 32 और श्याम मोहन चौहान 40 चचेरे भाई और पट्टीदार हैं। दोनों गांव के चौराहे पर अलग-अलग चाय की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि राम अवतार जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में उसकी मुलाकात श्याम मोहन की पत्नी अंकिता से हो गई। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और आरोप है कि राम अवतार ने अंकिता को अपशब्द कह दिए। नाराज होकर अंकिता घर पहुंची और घटना की जानकारी अपने पति को दी।

पत्नी की बात सुनकर श्याम मोहन गुस्से में डंडा लेकर राम अवतार की चाय की दुकान पर पहुंच गया। वहां दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इस दौरान श्याम मोहन द्वारा किए गए हमले में राम अवतार के सीने पर गंभीर चोट लग गई।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को अलग किया। घायल राम अवतार को परिजन तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी लक्ष्मीपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी श्याम मोहन भी अस्पताल तक साथ गया था। घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस सीएचसी पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय दोनों युवक नशे की हालत में थे, जिससे विवाद और बढ़ गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बीच-बचाव हो जाता तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है । तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें