बढ़ता के टोला गेठिहवा में पहुंचे डीएम महराजगंज पीड़ित के घर ;शोक संवेदना किया व्यक्त-तेंदुआ के हमले में हुई मौत,घटना स्थल का निरीक्षण कर दिया बचाव की जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा द्वारा निचलौल तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़या के टोला गेठीहवा में तेंदुए के हमले की दुखद घटना के उपरांत घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी गई।

ज्ञात हो कि ग्राम निवासी आबिद अली की पुत्री सैरून निशा की गन्ने के खेत में तेंदुए के हमले में असमय मृत्यु हो गई।जिलाधिकारी ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत पीड़ित परिवार के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा शासन से नियमानुसार दुर्घटना सहायता राशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से निर्देशित किया कि प्रभावित ग्रामों में गठित सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया जाए। साथ ही वन्य जीवों से बचाव हेतु सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, ढोल-नगाड़ों एवं पटाखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जंगल के आस–पास ट्रैप कैमरा लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने वन विभाग को रणनीति बनाकर तेंदुए को पकड़ने हेतु निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि रात्रि के समय सभी परिवार अपने घरों के दरवाजे बंद रखें तथा पालतू पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि जंगल के पास अकेले रात में न जाएँ, झाड़ियों/गन्ने/लंबी फसल में बिना देखे न घुसें और बच्चों को जंगल की तरफ अकेले न जाने दें।

जिलाधिकारी ने कहा कि समूह में चलें, रात में टॉर्च, लाठी, मोबाइल साथ रखें, जानवर दिखे तो शांत रहें और तुरंत गाँव/वन विभाग को सूचना दें। सीटी, टॉर्च, ढोल, अलार्म रखें, शौच, खेत, स्कूल जाने के लिए खुले, साफ और रोशनी वाले रास्ते तय करें।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ)  निरंजन सुर्वे, उपजिलाधिकारी निचलौल  सिद्धार्थ गुप्ता सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें