महराजगंज, उत्तर प्रदेश ।सिसवा नगर के निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की लखनऊ के एक होटल में हुई मौत के बाद आज शोकसंतप्त परिवार से मिलने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी उनके घर पहुंचे।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों के साथ बैठकर उनकी पीड़ा साझा की और सांत्वना देते हुए उनको हर संभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिजनों से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उनकी मंशा को भी जाना। जिलाधिकारी ने परिजनों से धैर्य बनाए रखने का अनुरोध करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रकरण को देखरहा है।
उन्होंने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा जांच निष्पक्ष और तथ्यपरक ढंग से सुनिश्चित होगी तथा किसी भी स्तर पर कोई हीलाहवाली नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन परिजनों के साथ है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी भी समय परिवार को प्रशासन से किसी प्रकार की सहयोग की आवश्यकता महसूस हो तो वे निःसंकोच उनसे संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने भी परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ेगी।









