संभावित बाढ़ को लेकर डीएम अलर्ट, तटबंधों व कटानरोधी कार्यों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने, बाढ़रोधी सामग्री की उपलब्धता और तटबंधों पर सतत निगरानी के दिए निर्देश

अर्जुन यादव की रिपोर्ट, देवरिया उत्तर प्रदेश!जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज तहसील रुद्रपुर क्षेत्र अंतर्गत बाढ़ तटबंधों सहित कटानरोधी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को दृष्टिगत रखते हुए सभी तैयारियां पूर्ण रखी जाएं।

आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बाढ़ विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार रखते हुए उसका प्रभावी क्रियान्वयन करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले पिड़रा पुल पहुंचे, जहां बाढ़ विभाग द्वारा स्थापित गेज का अवलोकन किया तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पिड़रा पुल के समीप स्थापित बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया। रिजर्व स्टाफ की तैनाती एवं स्टोर में उपलब्ध बाढ़रोधी सामग्री के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि वर्तमान में स्टोर में जियो बैग, गौवियन नायलॉन क्रेट, जियो क्रेट आदि आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

इसके पश्चात जिलाधिकारी पचलड़ी तटबंध स्थित ग्राम बेलवा में कटानरोधी परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा केवल फिनिशिंग कार्य शेष है। उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ राधेश्याम प्रसाद को दो दिन के भीतर शेष कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। यह परियोजना 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है।

इसके उपरांत जिलाधिकारी पलिया छपरा तटबंध के नारायणपुर गांव के निकट 4 करोड़ 53 लाख रुपये लागत की निर्माणाधीन कटानरोधी परियोजना का निरीक्षण किया। यहां भी अधिकांश कार्य पूर्ण पाया गया तथा केवल फिनिशिंग कार्य शेष था। जिलाधिकारी ने इसे भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बाढ़ से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंधों पर सतत निगरानी एवं चौकसी बनाए रखें, आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ राधेश्याम प्रसाद, सहायक अभियंता संजय कुमार सिंह, जूनियर इंजीनियर अरविंद कुमार, विवेक रौनियार, विकास पाठक, तहसीलदार रुद्रपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें