निर्माणाधीन परियोजनाओं का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दी चेतावनी 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया -उत्तर प्रदेश -अर्जुन यादव की रिपोर्ट-जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज राजकीय इंटर कॉलेज एवं जनपद साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी दशा में गुणवत्ता मानकों से समझौता न किया जाए। यदि निर्माण कार्यों में अनियमितता अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन कार्य परियोजनाओं यथा छात्रावास, संग्रहालय भवन, वाचनालय, शौचालय ब्लॉक तथा चारदीवारी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। लगभग 19 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने जनपद साइबर थाने के प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) द्वारा लगभग 3.53 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएसटीओ अरुण कुमार सिंह, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया, कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, तकनीकी टीम के अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें