देवरिया: हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और नामजद आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया: हत्या के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और नामजद आरोपी गिरफ्तार-अर्जुन यादव की रिपोर्ट-देवरिया,उत्तर प्रदेश। जनपद की बरहज थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राजकुमार (37 वर्ष) और बाबूलाल (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बरहज के ग्राम करौंदी के निवासी हैं।

मकान निर्माण के विवाद में गई थी जान-घटनाक्रम के अनुसार, बीती 17 अप्रैल 2026 को ग्राम करौंदी में पट्टीदारों के बीच मकान निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। जयराम और राजकुमार के पक्षों में हुई इस हिंसक झड़प में राजकुमार और उसके परिजनों ने जयराम के पिता मवाजा पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मवाजा की इलाज के दौरान देवरिया मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई। इस संबंध में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, जिसमें हत्या (103-1) भी शामिल है, के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

अब तक 6 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास-मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने इससे पहले 19 अप्रैल को चार अन्य आरोपियों—शिवकुमार, शेषनाथ, राजेश यादव और विनीत यादव को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ताजा कार्रवाई में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खुदिया मिश्र मुख्य मार्ग से राजकुमार और बाबूलाल को भी धर दबोचा।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार एक शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर बरहज थाने में पहले से ही चोरी, मारपीट और गाली-गलौज के तीन अन्य मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साक्ष्य संकलन के आधार पर मामले में कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 

Leave a Comment

और पढ़ें