अंबेडकर मूर्ति विकास योजना के जनपद में सार्वजनिक स्थल पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमा का होगा संरक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देवरिया-उत्तर प्रदेश -अर्जुन यादव की रिपोर्ट-सरकार द्वारा महापुरुषों के सम्मान एवं उनके विचारों के संरक्षण के लिए शुरू की गई ‘डॉ. बी.आर. अबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत जनपद देवरिया में सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों का संरक्षण

प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, योजना के अंतर्गत प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में चयनित मूर्तियों का विकास किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 10-10 स्थलों का चयन कर कुल 4030 स्मारकों का कायाकल्प सुनिश्चित किया जाएगा। जनपद देवरिया में भी चिन्हित स्थलों का सर्वेक्षण कर सूची तैयार की जा रही है।

योजना के तहत मूर्तियों को सुरक्षित रखने के लिए टिकाऊ छत्र (शेड) का निर्माण, अतिक्रमण रोकने हेतु बाउंड्रीवॉल या रेलिंग के साथ गेट की व्यवस्था तथा समग्र सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही, स्थल पर हरित क्षेत्र (ग्रीन स्पेस), बैठने के लिए बेंच, पाथवे एवं रात्रि में बेहतर दृश्यता के लिए सोलर लाइट सहित प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इस हेतु सार्वजनिक स्थल पर दिनांक 31.12.2025 तक स्थापित मूर्तियों का चयन किया जायेगा। आवेदन सम्बन्धित बीडीओ/जिला समाज कल्याण अधिकारी /जिलाधिकारी के समक्ष दिया जा सकता है।

प्रत्येक स्थल पर संबंधित महापुरुष के जीवन एवं योगदान की जानकारी प्रदर्शित करने हेतु मानक आकार का सूचना पट्ट भी लगाया जाएगा, जिससे आमजन विशेषकर युवाओं को प्रेरणा मिल सके।

योजना के लिए प्रति स्थल अधिकतम ₹10 लाख का बजट निर्धारित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यों का क्रियान्वयन खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों द्वारा कराया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यदायी संस्थाओं का चयन कर तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह योजना न केवल महापुरुषों के प्रति सम्मान को सुदृढ़ करेगी, बल्कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों एवं सामाजिक योगदान से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें