भूमि विवाद मुक्त ग्राम एवं फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, विशेष अभियान 6 से 15 अप्रैल तक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भूमि विवाद मुक्त ग्राम एवं फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, विशेष अभियान 6 से 15 अप्रैल तक-महराजगंज उत्तर प्रदेश!जिलाधिकारी द्वारा आज भूमि विवाद मुक्त राजस्व ग्राम एवं फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि विवाद मुक्त राजस्व ग्राम अभियान के अंतर्गत वादों के चिन्हांकन एवं श्रेणीकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनपद के लगभग 50 प्रतिशत ग्रामों में चिन्हांकन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष कार्य प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि चिन्हांकन कार्य आगामी 2–3 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए तथा उसके बाद वादों के निस्तारण की प्रक्रिया युद्धस्तर पर प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर अभियान का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदारों की होगी।

इसके बाद फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इसे शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपालों को गांवों में रात्रि निवास कर खतौनी संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने 06 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसमें कम फॉर्मर रजिस्ट्री वाले ग्रामों में कैंप लगाकर खतौनी शुद्धिकरण, नेम मैच स्कोर (NMS) एवं अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर किसानों की फॉर्मर आईडी बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा, इसलिए सभी किसान कैंप में पहुंचकर अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें