गजेन्द्र नाथ पांडेय-महराजगंज! फरेंदा स्थित लेहडा देवी मंदिर परिसर में नवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सफाई कार्य किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकार ने मंदिर परिसर से प्रवाहित नाले की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु उपजिलाधिकारी फरेन्दा एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही नाले की पैमाइश कराकर उसका विधिवत चिन्हांकन कराया जाए, जिससे जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मंदिर परिसर में उत्पन्न फूल-माला एवं अन्य जैविक अपशिष्ट के समुचित निस्तारण हेतु ऑर्गेनिक कम्पोस्टर मशीन स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके माध्यम से तैयार कम्पोस्ट खाद का उपयोग परिसर के सुन्दरीकरण हेतु पौधारोपण में किया जाए तथा आवश्यकतानुसार श्रद्धालुओं के मध्य भी वितरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर परिसर में लगभग 400 दुकानें संचालित हैं, जो लोगों की आजीविका का आधार हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुकानों को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से व्यवस्थित कराया जाए, जिससे दर्शनार्थियों के आवागमन में सुगमता बनी रहे तथा स्वच्छता व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो सके।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित अतिथि भवन, धर्मशाला एवं सीढ़ी-पौड़ी आदि निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे तालाब सुन्दरीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए सुलभ शौचालय निर्माण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किया।
इससे पूर्व जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने मंदिर ने आर्द्रवन देवी (लेहड़ा देवी) का दर्शन और पूजन अर्चन कर सबके मंगल की कामना की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र गौतम, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, तहसीलदार वशिष्ठ कुमार, थानाध्यक्ष फरेन्दा, मेला प्रभारी, पुलिस बल एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही









