प्रशासन गांव की ओर में चौपाल-समय से निस्तारण करें – डीएम महराजगंज जनचौपाल में दिया आवश्यक..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्राम पंचायत बड़हरा में जिलाधिकारी ने लगाई ग्राम चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं को सुना-चौपाल में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी-प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत हुआ आयोजन-शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी-जिलाधिकारी

महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विकास खण्ड नौतनवा की ग्राम पंचायत बड़हरा में प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य प्रशासन का गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को जानना और यथासंभव मौके पर उनका निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन को अनावश्यक रूप से इधर–उधर भटकना न पड़े। शासन की इसी मंशा के अनुरूप ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाता है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित योजनाओं को अभियान चलाकर पूर्ण कराया जाए। मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक लाभार्थी लाभान्वित हो सकें। कहा कि इस चौपाल का उद्देश्य यही है। यहां विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल का आयोजन कर योजनाओं का आवेदन कराया गया।

जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक, सफाईकर्मी, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आदि कर्मियों के कार्यों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने। बताया कि सभी कर्मचारी गांव में आते हैं और उपस्थित लोगों ने उनके कार्य को लेकर संतोष व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक का अनुदान प्रदान किया जाता है। इससे न केवल विद्युत बिल में कमी आती है, बल्कि अतिरिक्त विद्युत ऊर्जा को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।

ग्राम चौपाल में खंड विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि ग्राम पंचायत की जनसंख्या 2614 और परिवारों की कुल संख्या 508 है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में 569 को आयुष्मान कार्ड, 644 को किसान सम्मान निधि, 450 पात्र गृहस्थी कार्ड, 33 को अंत्योदय कार्ड, 94 को वृद्धावस्था पेंशन, 21 को निराश्रित महिला पेंशन और 10 को दिव्यांग पेंशन का लाभ मिलता है।

उन्होंने बताया कि गांव में 336 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री और 56 परिवारों की फैमिली आईडी भी बन चुकी है। जिलाधिकारी महोदय ने फॉर्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी के कार्य को तेज करने का निर्देश दिया।

चौपाल के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान 77 को चिकित्सीय परामर्श और दवा का वितरण किया गया, जबकि 26 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी द्वारा किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।

इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी नौतनवा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें