प्रभारी मंत्री ने किया कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं के प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करें। प्रत्येक अधिकारी नवाचार पर ध्यान दे और कुछ बेहतर करने का प्रयास करे।

मंत्री जी ने सीएफसी स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सीएफसी को लकड़ी उत्पाद व्यवसायियों के हितानुकूल और लाभकारी बनाएं। कहा कि सीएफसी जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि है और इससे लकड़ी उत्पाद व्यवसायियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।

प्रभारी मंत्री ने जनपद में औद्योगिक आस्थान हेतु भूमि चिन्हांकन का निर्देश दिया, ताकि जनपद के व्यवसायियों के लिए बेहतर औद्योगिक सुविधाओं को उपलब्ध कराया जा सके।प्रभारी मंत्री वीबी–जीराम जी योजना के संदर्भ में आमजन को जागरूक करने का निर्देश देते हुए कहा कि नवीन रूप में योजना अधिक प्रभावी। समावेशी और रोजगारनुकूल होगी। साथ ही गांवों के विकास में भी अधिक सक्षम होगी। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में जलापूर्ति नहीं शुरू हुई है, उनमें जल्द से जल्द कार्ययोजना बनाकर आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।

साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करें। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के लिए वृहद प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने और संबंधित अधिकारियों द्वारा उसमें प्रतिभाग करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभागों में नवाचारों को प्रोत्साहित करें। कहा कि पर्यटन, कृषि, एमएसएमई जैसे विभागों में रोजगार की संभावना है और इनपर विशेष ध्यान दें। उन्होंने समस्त अधिकारियों को कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जनपद की उल्लेखनीय भूमिका को सुनिश्चित करें, उन्होंने इसके लिए सभी विभागों को कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।

इससे पूर्व जनपद में विगत दिनों में हुए उल्लेखनीय कार्यों का प्रेजेंटेशन किया गया। प्रेजेंटेशन में सहकारिता विभाग द्वारा एम–पैक्स सदस्यता महाभियान, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा कस्तूरबा गांधी मेंटरशिप कार्यक्रम, पंचायतीराज विभाग द्वारा मॉडल शौचालय व विरासत वृक्ष अभियान और जिला उद्योग केंद्र द्वारा ओडीओपी के तहत निर्माणाधीन सामान्य सुविधा केंद्र पर प्रेजेंटेशन दिया गया।

जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आपके निर्देशों का शत–प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और विभिन्न विभाग अपने यहां नवाचारी प्रयासों को गति देंगे।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल,विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सिसवा  प्रेम सागर पटेल, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे , एडीएम (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें