गोशाला में गोवंश का बेहतर देखभाल हो:डीएम महराजगंज जिलास्तरीय समिति व संबधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिया सख्त निर्देश-देखे डीएम ने और क्या कहा?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज।जनपद में गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में गौ आश्रय स्थलों की वर्तमान स्थिति, गोवंशों की संख्या, चारा, चिकित्सा व्यवस्था एवं देखभाल से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गौशालाओं में निर्धारित संख्या से कम गोवंश मौजूद हैं, वहां के गोवंशों को नजदीकी वृहद गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए ताकि उनकी बेहतर देखभाल एवं प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने सभी गौशालाओं में बीमार गोवंशों के लिए पृथक कक्ष अथवा स्थान की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।बैठक में प्रत्येक विकास खंड में न्यूनतम एक शव निस्तारण स्थल हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।ताकि मृत गोवंशों के निस्तारण में कोई असुविधा न हो।

साथ ही, जनपद में उपलब्ध गोचर भूमि के सत्यापन तथा चारा भूमि की फेंसिंग की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि गौ आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। इसके लिए विभिन्न गो उत्पादों जैसे—गौमूत्र, गोबर आधारित दीये, खाद एवं अन्य उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिससे आश्रय स्थलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें और निरीक्षण प्रतिवेदन समय से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकता है, अतः संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ निर्धारित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।

इससे पूर्व मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 31 गौशालाओं में 2113 गोवंश संरक्षित हैं। गोसदन मधवलिया में 655, अस्थाई गोआश्रय स्थल में 664, वृहद गोसंरक्षण केंद्रों में 332, कान्हा हाउस में कुल 273 और कांजी हाउस में 189 गोवंश संरक्षित हैं।

विभिन्न ब्लॉकों और निकायों में निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए 06 कैटल कैचर हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार, सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला, सीवीओ डॉ हौसला प्रसाद, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, डीसी एनआरएलएम मो. जाकिर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें