महराजगंज उत्तर प्रदेश।क्षेत्र की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति परखने के लिए स्टेट रिसोर्स मॉनिटरिंग (एसआरएम) टीम ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर समेत क्षेत्र के दर्जनभर स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. ए.के. अग्रहरि और डॉ. समीर सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। टीम के निरीक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों में पूरे दिन हलचल बनी रही।
एसआरएम टीम ने एकमा, सिंहपुर थरौली, कवलदह उर्फ सैलदह, धुसवाकला समेत अन्य स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने उपकेंद्रों पर पहुंचने वाले मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों के उपचार, दवाओं के वितरण, टीकाकरण और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई। टीम ने मौके पर उपलब्ध अभिलेखों का भी अवलोकन किया और उनमें दर्ज विवरणों का वास्तविक स्थिति से मिलान किया।
सीएचसी लक्ष्मीपुर के निरीक्षण के दौरान टीम ने ओपीडी व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, टीकाकरण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं और आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री की स्थिति भी देखी गई। इसके साथ ही वार्डों तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। टीम ने स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि अस्पताल और सभी उपकेंद्रों पर आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहनी चाहिए। किसी मरीज को दवा के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। इसके अलावा टीकाकरण समेत शासन की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
टीम ने अस्पताल और उपकेंद्रों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। परिसर में गंदगी मिलने पर तत्काल सफाई कराने तथा मरीजों और तीमारदारों के लिए स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने को कहा गया। स्वास्थ्यकर्मियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार करने की भी हिदायत दी गई।
एसआरएम टीम के निरीक्षण को आगामी उच्चस्तरीय समीक्षा की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी जुटाकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. मनीष, चीफ फार्मासिस्ट रामकृष्ण जायसवाल, आदित्य त्रिपाठी, पवन पाण्डेय, जितेंद्र, आलमगीर, विनय पाण्डेय समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।








