देवरिया -उत्तर प्रदेश -अर्जुन यादव की रिपोर्ट-जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देशानुसार कल्याण सेक्टर (जिला समाज कल्याण, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण, जिला प्रोबेशन तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग) द्वारा संयुक्त रूप से जनपद की समस्त तहसीलों में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की मूल भावना के साथ कल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार तथा चयनित लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से स्वीकृति एवं लाभार्थी प्रमाण-पत्र वितरित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सदर तहसील सभागार में कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया रहे। उनका स्वागत जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं मुख्य वक्फ निरीक्षक मनोज कुमार राय द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
विधायक रामपुर कारखाना ने लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित करने के उपरांत राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, पिछड़े, वंचित एवं बेसहारा लोगों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव एवं घर-घर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 10 दिव्यांग लाभार्थियों को लेप्रोसी किट, छड़ी सहित अन्य सहायक उपकरण एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर कोर्स के 20 चयनित एवं प्रशिक्षित लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इसी प्रकार जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन योजना के 10 लाभार्थियों तथा 10 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित कन्या सुमंगला योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना की 10 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अल्पसंख्यक समुदाय के 10 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर का समापन किया।









