फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने को डीएम का विशेष अभियान, 900 नई आईडी बनीं-जिलाधिकारी महराजगंज 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने को डीएम का विशेष अभियान, 900 नई आईडी बनीं-जिलाधिकारी महराजगंज 

महराजगंज-उत्तर प्रदेश ।जनपद में फॉर्मर रजिस्ट्री को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा मंगलवार को सुबह 6 बजे से विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ, लेखपाल, ग्राम सचिव सहित सभी ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों को गांवों में भेजा गया, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचकर उनकी फॉर्मर आईडी बनाई जा सके।

जिलाधिकारी ने स्वयं कैंप कार्यालय से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग करते हुए विभिन्न गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कई गांवों के किसानों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर प्रगति की जानकारी ली तथा लोगों को अन्य किसानों को भी प्रेरित करने के लिए कहा।

अभियान के दौरान नौतनवा तहसील के कौलही गांव में किसान उमेश राय से बात कर उन्हें गांव में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं परतावल ब्लॉक के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल और प्रधान प्रतिनिधि वसीम से संवाद कर 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित करने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फॉर्मर रजिस्ट्री को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 30 अप्रैल के बाद कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा। ऐसे में सभी किसानों को समय रहते रजिस्ट्री कराना जरूरी है।

गर्मी और लू को देखते हुए अधिकारियों को सुबह और शाम के समय अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर जाकर किसानों की रजिस्ट्री सुनिश्चित करने को कहा गया है।

अभियान का सकारात्मक असर भी दिखा। दोपहर तक 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं, जिससे कुल संख्या बढ़कर 3,81,940 हो गई है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं और किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें