देवरिया: मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की मौत, दो आरोपी पुलिस हिरासत में
देवरिया-उत्तर प्रदेश अर्जुन यादव की रिपोर्ट। जनपद के थाना महुआडीह क्षेत्र के ग्राम रामपुर बनहर में बीते बुधवार की रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। घटना 15 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है, जब दो सगे पट्टीदारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और फिर मारपीट में तब्दील हो गया।
इस हिंसक झड़प के दौरान रबिता देवी (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से गांव में हड़कंप मच गया और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। मृतका के पुत्र की तहरीर पर स्थानीय थाने में तीन नामजद अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर, संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है।
पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।









