मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर-देवरिया, उत्तर प्रदेश -अर्जुन यादव की रिपोर्ट – उपायुक्त उद्योग ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाना, उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा अधिक से अधिक पूंजी निवेश आकर्षित करना है।
योजना के तहत मिशन मोड में प्रत्येक वर्ष एक लाख नई सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि आगामी 10 वर्षों में कुल 10 लाख इकाइयों की स्थापना की योजना है। इसके अंतर्गत उत्पादन एवं सेवा क्षेत्र के लिए अधिकतम पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस योजना का लाभ वही अभ्यर्थी ले सकेंगे जो उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हों और जिनकी आयु 21 से 40 वर्ष के बीच हो। आवेदक के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर से लिंक, फोटो, हस्ताक्षर, आयु प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, नोटरी शपथ पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा किसी मान्यता प्राप्त संस्था से प्राप्त कौशल प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।
योजना के अंतर्गत अधिकतम पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण चार वर्षों के लिए प्रदान किया जाएगा। साथ ही परियोजना लागत का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी के रूप में दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सीजीटीएमएसई कवरेज के लिए आवश्यक धनराशि का वहन भी सरकार द्वारा किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में उपायुक्त उद्योग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ऋण के लिए ऑनलाइन आवेदन msme.up.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है। आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर कार्यालय के सीएम फेलोज से मोबाइल नंबर 9648920934 पर संपर्क किया जा सकता है।



