चोरी की बाइक व 8 लीटर अवैध शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार–अर्जुन यादव की रिपोर्ट,देवरिया उत्तर प्रदेश। थाना खामपार पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, फर्जी नम्बर प्लेट तथा अवैध देशी शराब के साथ एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 40 पाउच अवैध देशी शराब बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन द्वारा जनपद में अपराध एवं अवैध शराब तस्करी पर रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना खामपार पुलिस संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम विरमापट्टी ईदगाह के पास से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बीगु गोड़ पुत्र हरिलाल गोड़ निवासी ग्राम इमिलिया थाना भोरे जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर प्लस, फर्जी नम्बर प्लेट UP57Y3473 तथा एक प्लास्टिक के झोले में 40 पाउच अवैध देशी शराब बंटी बबली (प्रत्येक 200 एमएल, कुल 8 लीटर) बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2,200 रुपये बताई जा रही है।
इस संबंध में थाना खामपार पर मु0अ0सं0 072/2026 धारा 317(2), 341(2) बीएनएस व 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।









