मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ, महराजगंज में बच्चों को बैग-किताब वितरित
महराजगंज-उत्तर प्रदेश -गजेन्द्र नाथ पांडेय! उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम को देखा और अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकान्त पटेल, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित बच्चों एवं बालिकाओं का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें स्कूल बैग, पुस्तकें और अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की गई।
जिलाधिकारी ने नवप्रवेशित बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा का क्रमबद्ध विकास सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि छोटे बच्चों को प्रारंभ में आंगनवाड़ी केंद्रों से जोड़ा जाए और 6 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए। उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों का चिन्हांकन कर उनका पुनः नामांकन कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान एवं स्कूल चलो अभियान के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बालिकाओं की शिक्षा के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अन्य विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक दिलाया जाए।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी। जनपद में प्रथम चरण में 15 अप्रैल तक तथा दूसरा चरण जुलाई माह में स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में कुल 30 बच्चों को बैग, किताबें एवं अन्य सामग्री वितरित की गई। जनपद में वर्तमान में 1,93,278 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं तथा पिछले वर्ष 45,260 नए नामांकन हुए थे।









