फसल कटाई के बाद कंबाइन रिपर मशीन से भूसा बनाए-हीट वेव-लू-पराली अग्निकांड प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता के दौरान जिलाधिकारी ने दिया सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हीट वेव (लू) एवं पराली अग्निकांड प्रबंधन के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि हीट वेव के संदर्भ में तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन संबंधित विभाग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हीट वेव के दुष्प्रभावों एवं अग्निकांड की घटनाओं को न्यूनतम करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि कंबाइन/रीपर मशीन का उपयोग पूर्ण फसल कटाई के पश्चात ही किया जाए तथा भूसा बनाने के दौरान फायर लाइन का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विद्युत विभाग को जर्जर ट्रांसफॉर्मर एवं विद्युत लाइनों का त्वरित सुधार कार्य कराये जाने हेतु निर्देशित किया। कहा कि वन विभाग द्वारा जंगलों में आग की रोकथाम हेतु फायर कंट्रोल लाइन का निर्माण कराया जाए और जिन स्थलों पर कंट्रोल बर्निंग का कार्य किया जा रहा है।

उसकी सूचना अग्निशमन विभाग को पूर्व में उपलब्ध करा दिया जाए। जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग द्वारा सभी उपकेंद्रों पर फायर टेंडर एवं अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक दवाओं/ओआरएस की उपलब्धता तथा नगर निकायों द्वारा पेयजल एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि हीट वेव के समय विद्यालयों के संचालन समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन कर दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों को निर्देश दिया कि गेहूं कटाई के उपरांत ही भूसा निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। साथ ही भूसा निर्माण के दौरान अग्निशमन संबंधी उपायों को सुनिश्चित करें। यदि आवश्यक इंतजामों के बिना भूसा बनाने का काम किया जाता है, तो कठोर कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि समस्त गांवों में ट्यूबवेल, तालाबों सहित अन्य जल स्रोतों की मैपिंग कर उनको क्रियाशील कर लें। जिलाधिकारी महोदय ने लेखपालों और ग्राम सचिवों को ग्राम स्तरों पर बैठक कर हीट वेव और अग्निशमन संबंधी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों पर कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों से अवगत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कंबाइन और स्ट्रा रीपर संचालकों को तय दिशानिर्देशों के अनुरूप ही मशीनों के संचालन का निर्देश दिया।

इससे पूर्व जिला आपदा विशेषज्ञ द्वारा हीट वेव प्रबंधन तथा विभागवार मासिक प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के संबंध में विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नवनाथ प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी  प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन, समस्त उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार, समस्त खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, महाराजगंज उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें