डीएम व सीडीओ ने पीएचसी महदेवा में आरोग्य मेला का किया निरीक्षण-देखिए डाक्टर को किस बात पर मिला कड़ा डांट-फटकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज।जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा में आयोजित आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरोग्य मेले में आए मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान कुल 35 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। अस्पताल में डायरिया से ग्रसित महिला रितु, निवासी पतरपुरवा महदेवा दुबे, भर्ती पाई गईं, जिनका स्वास्थ्य संतोषजनक पाया गया।

निरीक्षण के दौरान पीएचसी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सही न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी डॉ. सी.बी. पाण्डेय के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने इस संदर्भ में संबंधित ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के लिए कहा।

जिलाधिकारी ने परिसर में स्थित डॉक्टर आवास के जर्जर अवस्था में होने पर उसे निष्प्रयोज्य घोषित कर गिराए जाने के निर्देश दिए, जिससे किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही अस्पताल भवन में रंग-रोगन न होने पर उसे शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए गए।

कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन प्लांट के लिए निर्मित भवन वर्तमान में अनुप्रयुक्त मिलने पर साफ-सफाई कराकर उसे उपयोग में लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा आयुष्मान कार्ड की स्थिति तथा दवाओं की एक्सपायरी की भी जांच की गई।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम शैलेन्द्र कुमार गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, रामप्रभेश सिंह सहित अस्पताल से संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें