महराजगंज ।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, मातृ–शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण में गर्भवती महिलाओं के वजन, हेमोग्लोबिन, अल्ट्रासाउंड, टीकाकरण, प्रसव, बच्चों के बीसीजी टीकाकरण, बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, वीएचएसएनडी, एनसीडी, आयुष्मान कार्ड, क्षय रोग उन्मूलन सहित स्वास्थ्य सम्बन्धी विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी द्वारा लक्ष्य के सापेक्ष आयुष्मान कार्ड जारी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 24 घंटे के भीतर शत प्रतिशत आयुष्मान आईडी को सक्रिय करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष 2.0 प्रतिशत से कम आयुष्मान कार्ड बनाने वालों की सेवा समाप्ति हेतु कार्यवाही करने का निर्देश सीएमओ को दिया।
उन्होंने कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि आयुष्मान योजना में शिथिलता बर्दाश्त स्वीकार्य नहीं है। जनपद में कुल 1440 आयुष्मान आईडी हैं, जिनमें 293 आईडी अबतक निष्क्रिय हैं। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित करते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण के कार्य को तेज करें।
जिलाधिकारी ने टीबी स्पूटम की जांच राज्य औसत से कम होने पर नाराजगी व्यक्त की और सुधार का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने आरबीएसके योजना के तहत बच्चों की स्क्रीनिंग में खराब प्रदर्शन को लेकर परतावल ब्लॉक में तैनात डॉ. एन.एन. मिश्रा और डॉ घनश्याम गुप्ता को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी महोदय ने डिस्ट्रिक्ट डैशबोर्ड में सबसे खराब प्रदर्शन के लिए पनियरा, परतावल, और फरेंदा के एमओआईसी को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं बेहद अहम हैं और इनके क्रियान्वयन में लापरवाही अक्षम्य है। सभी लोग नियमित समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ एन.एन. प्रसाद, सीएमएस डॉ ए.के. द्विवेदी, विरेन्द्र आर्या, सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









