महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक कैंप कार्यालय में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। सबसे पहले उन्होंने विगत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा ने अवगत कराया कि व्यक्तिगत शौचालय हेतु लंबित 2286 आवेदनों के निस्तारण के निर्देश के क्रम में 454 आवेदनों का निस्तारण कर दिया गया।
अवशेष प्रकरणों का निस्तारण प्रक्रियाधीन है। रेट्रोफिटिंग पिछली बैठक के बाद 77.13 प्रतिशत से बढ़कर 79.14 प्रतिशत है। इसी प्रकार मॉडल शौचालय सत्यापन 87.01प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार सभी ब्लॉकों में ब्लॉकस्तरीय स्वच्छता समिति की बैठक कर ली गई है।
जिलास्तरीय ने व्यक्तिगत शौचालय हेतु लंबित 1709 आवेदनों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अविलंब निस्तारण का निर्देश दिया और डीपीआरओ को 05 दिन के भीतर सूचित करने करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने व्यक्तिगत शौचालय के संदर्भ में अवशेष लाभार्थियों की डिमांड भी जिलास्तर पर 03 दिन के भीतर प्रेषित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने रेट्रोफिटिंग में निचलौल में केवल 62.31 प्रतिशत प्रगति पर एडीओ पंचायत और खंड प्रेरक को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार का निर्देश दिया। उन्होंने इस संदर्भ में एडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने पंचायत सहायकों के उपस्थित की समीक्षा करते हुए धानी के रैंकिंग में गिरावट पर एडीओ पंचायत को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सर्वाधिक खराब उपस्थिति वाले पंचायत सहायकों के विरुद्ध भी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने पंचायत भवनों में स्थापित अक्रियाशील जनसेवा केंद्रों को क्रियाशील कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अंत्येष्टि स्थलों की गुणवत्ता सुनिश्चित का निर्देश देते हुए सभी बीडीओ को स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच हेतु जिलास्तरीय समिति का गठन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने समस्त बीडीओ को ग्राम पंचायतों में ओएसआर को बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने ओडीएफ प्लस ग्रामों के सत्यापन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने विरासत वृक्ष अभियान को तेजी के साथ करने हेतु निर्देशित किया।









